भिलाई में ढाबा में आग लगने से सिलिंडर ब्लास्ट, 50 हजार नकद समेत दो बाइक जले

भिलाई । रविवार की रात को भिलाई के नंदिनी अहिवारा के पथरिया चौक के पास स्थित एक ढाबा में आग लग गई। ढाबा के पास से ही एक जूते चप्पल की दुकान भी थी। जो कि आग की चपेट में आ गई। आग लगने से ढाबा में रखा गैस सिलिंडर ब्लास्ट हो गया। साथ ही एक फ्रीज, दो बाइक और करीब 50 हजार रुपये नकद जल गया। इस घटना में तीन से चार लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने की जानकारी मिलने पपर नगर सेना की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

उक्त घटना रविवार की रात आठ बजे के आसपास की है। पथरिया चौक के पास रेवती निषाद नाम की महिला ढाबा चलाती है। वहीं पर रात में आग लगी। ढाबा में एक गैस सिलिंडर, दो बाइक, एक फ्रीज और करीब 50 हजार रुपये नकद रखा हुआ था। आग पहले ढाबा में लगी। इससे अंदर रखा गैस सिलिंडर ब्लास्ट हुआ। सिलिंडर फटने से बगल में स्थित जूते चप्पल की दुकान में भी आग लग गई। वहां पर करीब डेढ़ लाख रुपये का जूता चप्पल रखा हुआ था।
आग की चपेट में आने से जूते चप्पल भी जल गए। डायल 112 पर इसकी सूचना दिए जाने पर नगर सेना की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फोम और पानी की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग को पूरी तरह से बुझाने में करीब चार घंटे का समय लगा। अभी तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं है।
आशंका जताई जा रही है कि ढाबे के चूल्हे में आग बच गया होगा जिसके चलते ये घटना हुई है या फिर शार्ट सर्किट के चलते ये हादसा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड के साथ ही नंदिनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। सिलिंडर ब्लास्ट होने पर लोग काफी ज्यादा भयभीत हो गए थे। लेेकिन, पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर लिया।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *