बिलासपुर। जिले में पहली बार टीकाकरण संचालित करने के बीच सीरिंज की कमी का सामना स्वास्थ्य विभाग को करना पड़ा। बीते रविवार की स्थिति तक महज 10 हजार सीरिंज का स्टाक था। ऐसे में समय रहते स्वास्थ्य विभाग ने सइसकी मांग की। वहीं सोमवार की देर रात सवा लाख सीरिंज भेजी गई है, जिससे अब इसकी कमी से टीकाकरण प्रभावित नहीं होगा। अब टीके की कमी की समस्या दूर हो चुकी है। लगातार पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन भेजी जा रही है। मौजूदा स्थिति में जिले के पास कोविशील्ड की एक लाख डोज के साथ कोवैक्सीन की 10 हजार डोज उपलब्ध है।
वही 12 से 14 साल के बच्चों को टीका लगाने के लिए कोर्बोवेक्स वैक्सीन की लगभग 65 हजार डोज का स्टाक बचा हुआ है। लेकिन, इन सब के बीच कोरोना टीका लगाने के लिए उपयोग में आने वाली विशेष सीरिंज का स्टाक खत्म होने के कगार पर आ गया था। ऐसे में सीएमएचओ डा. प्रमोद महाजन ने शासन स्तर पर जानकारी दी कि जिले के पास महज 10 हजार सीरिंज बची हैं। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में सीरिंज नहीं पहुंची तो इसके अभाव में अभियान प्रभावित हो सकता है।
वहीं इस समस्या को देखते हुए शासन स्तर पर सोमवार की रात एक लाख सीरिंज भेजकर स्थिति को सामान्य किया गया है। वहीं अब जिले के पास टीके के साथ सीरिंज की भी पर्याप्त मात्रा है। आने वाले दिनों में टीकाकरण अभियान सामान्य रूप से चलता रहेगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. मनोज सैमुअल ने जानकारी दी है कि कोविशील्ड के साथ कोवैक्सीन की पर्याप्त मात्रा होने से अब हर व्यक्ति अपनी पसंद के मुताबिक दोनों में से कोई भी टीका लगवा रहे हंै। साथ ही 12 से 14 साल आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण भी रफ्तार पकड़ चुका है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण अभियान संचालित करने के लिए सभी प्रकार के संसाधन उपलब्ध है। अभियान में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी।