सुकमा में CRPF कैंप पर नक्सलियों का हमला, तीन जवान घायल, हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजे गए

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में माओवादियों ने एलमागुंडा CRPF के शिविर पर हमला कर दिया। इस हमले में CRPF के तीन जवानों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। माओवादियों ने कैंप पर गोलीबारी की और देशी हैंड ग्रेनेड भी दागा है। जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद नक्सली जंगल की ओर भाग गए।

बता दें कि अति संवेदनशील चिंतागुफा इलाके में एक माह पहले ही CRPF के इस कैंप को खोला गया है। घायल जवानों को एलमागुण्डा से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर भेज दिया गया है। बस्तर IG सुंदरराज पी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि सुकमा जिले के एलमागुंडा में कुछ समय पूर्व ही नए कैंप की स्थापना की गई है। इस कैंप के शुरू होने से माओवादियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्हें अपने काबिज क्षेत्र से पीछे हटना पड़ा है।

बस्तर IG सुंदरराज पी ने आगे बताया कि ऐसे में बौखलाए माओवादियों द्वारा लगातार जवानों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। नक्सली, जवानों का मनोबल तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उसमें वे सफल नहीं हो पा रहे हैं। बौखलाहट में सोमवार की सुबह करीब 6.30 बजे माओवादियों ने कैंप पर गोलीबारी की और देशी हैंड ग्रेनेड भी दागा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *