अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर को स्वच्छ बनाने एक बार फिर बड़ा अभियान शुरू हो गया है।स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 से पहले शहर के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन,व्यापारी संगठन से जुड़े लोग अपने शहर को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर नंबर वन बनाने सड़क पर उतर गए हैं। सोमवार की सुबह शहर के आकाशवाणी चौक से यह अभियान शुरू हुआ जिसमें महापौर डॉ अजय तिर्की ,सभापति व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अजय अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष व नगर निगम पीडब्ल्यूडी प्रभारी शफी अहमद, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व एमआइसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा, नगर निगम आयुक्त के विजय दयाराम, प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका ब्रह्मकुमारी विद्या, गायत्री मंदिर से जुड़े पदाधिकारी, मिशनरी संस्थानों से जुड़े पदाधिकारी व शहर के नागरिकों ने इस अभियान में भागीदारी निभाई।

लोगों को जागरूक करने के साथ स्वच्छता के उद्देश्य को लेकर स्वच्छता दीवार पर अपनी भावनाएं भी उकेरी। राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद ने कहा कि यह शहर यदि स्वच्छता में ख्याति अर्जित किया है तो यह शहर के नागरिकों की बदौलत है। यदि शहर के नागरिक नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों कर्मचारियों का सहयोग न करते स्वच्छता दीदियों का साथ न देते तो यह संभव भी नहीं था। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के लोग शहर के प्रति अपनी सकारात्मक भावनाएं रखते हैं, यही कारण है कि अंबिकापुर हर बार स्वच्छता में आगे है।

इसे इस बार भी नंबर वन बनाने शहर के नागरिक, हम सभी जनप्रतिनिधि ,अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन से जुड़े लोग आगे आएंगे तो निश्चित रूप से हमें सफलता मिलेगी। कार्यक्रम को महापौर डॉ अजय तिर्की, सभापति अजय अग्रवाल ने भी संबोधित किया और एक बार फिर अंबिकापुर को स्वच्छता में परचम लहराने सहयोग करने की अपील नागरिकों से की।

हर वार्ड में चलेगा अभियान

नगर निगम आयुक्त के विजय दयाराम ने बताया कि स्वच्छता को लेकर यह अभियान शहर के सभी 48 वार्डों में चलेगा। आज इसका शुभारंभ हुआ है। जनप्रतिनिधियों ,नागरिकों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों के लोगों को जोड़कर इस अभियान को गति देने का प्रयास है। शहर के नागरिक काफी सहयोग कर रहे हैं। हम लगातार फीडबैक भी नागरिकों से ले रहे हैं। नागरिको की सूचना और सलाह पर हम स्वच्छता अभियान भी चला रहे हैं।