रायपुर में किसानों के बीच पहुंचेंगे मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल, करेंगे संबोधित

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्‍वविद्यालय में आयोजित फार्मटेक एशिया अंतरराष्‍ट्रीय किसान मेले और कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में शनिवार को एक वृहद किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया है। दोपहर बाद तीन बजे से मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल भी इसमें शामिल होंगे और किसानों को संबोधित करेंगे।
इस दौरान बघेल किसानों को राज्‍य सरकार की किसानों की बेहतरी के लिए चलाई जा रही योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी देंगे। इस किसान सम्मेलन में राज्‍य के विभिन्न जिलों से लगभग पांच हजार किसान शामिल होंगे। इस प्रदर्शनी का आयोजन राज्‍य सरकार के कृषि एवं उद्यानिकी विभाग व इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है। कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 11 से 14 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में सरकारी, सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की 132 संस्थाओं द्वारा किसानोपयोगी नवीनतम कृषि तकनीक और उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है। शुक्रवार को राज्‍य के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने इसका शुभारंभ किया था। इस प्रदर्शनी में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नवीनतम कृषि प्रौद्योगिकी, अनुसंधान तकनीकों व उत्पादों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य शासन के कृषि और उद्यानिकी विभागों द्वारा किसानों के लिए संचालित योजनाओं यथा गौधन विकास योजना, नरवा, गरूआ, घुरवा, बाड़ी जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
प्रदर्शनी के तहत प्रत्येक दिवस इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसान पाठ्शाला में किसानों को कृषि जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी व्याख्यान दिये जाएंगे। लगभग 15 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में आयोजित इस कृषि प्रदर्शनी में किसानों को कृषि की नवीनतम प्रौद्योगिकी से रूबरू होने के साथ ही विभिन्न उत्पादों के क्रय तथा उनके द्वारा उत्पादित सामग्री के विक्रय का अवसर प्राप्त होगा।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *