किरंदुल-दिनांक 08 मार्च को बीआईओपी सीनियर सेकण्डरी स्कूल के सभागार में एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मनाया गया।मुख्य अतिथि प्राचार्या शासकीय अरविंद महाविद्यालय किरंदुल एवं विशिष्ट अतिथि बी.के.माधव,उप महाप्रबंधक (कार्मिक) एवं इंदिरा माधव थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने महिलाओं की वर्तमान दशा एवं दिशा पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि माधव ने अपने संबोधन में समस्त मातृत्व शक्ति को नमन करते हुए कहा कि महिलाएं आज के दौर में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में काम कर रही हैं। हवाई जहाज से लेकर स्पेश शटल तक में कामयाबी हासिल कर अपना और देश का नाम रौशन कर रही है।महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है।महिलाएं ईमानदारी और मेहनत से अपने कार्यक्षेत्र में कार्य कर रही हैं।प्रशासनिक, हास्पिटल, स्कूल विभाग की महिला कर्मचारियों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में प्रेरणा महिला समिति की सदस्याएं भी उपस्थित थीं। अंत में अलका सिंह, प्रबंधक (कार्मिक) ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
