श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुनी गई टीम इंडिया में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे का नाम नहीं है। लंबे समय से खराब फार्म से जूझ रहे दोनों खिलाड़ी फिलहाल रणजी ट्राफी खेल रहे हैं। सौराष्ट्र के खिलाफ मैच में मुंबई की तरफ से शतक जमाने वाले रहाणे गुरुवार को एलीट ग्रुप-डी में गोवा के खिलाफ डक पर आउट हो गए। वहीं सौराष्ट्र के लिए खेलने वाले पुजारा भी ओड़िशा के खिलाफ सिर्फ आठ रन ही बना सके। उन्होंने मुंबई के खिलाफ मैच की दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की थी।
वहीं ओड़िशा के खिलाफ मैच में सौराष्ट्र की टीम को 72 रन पर दूसरा झटका लगा। इसके बाद पुजारा बल्लेबाजी करने आए और आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस दौरान उन्होंने छह गेंदों का सामना किया और दो चौके लगाए। देबब्रत प्रधान ने उन्हें देबाशीष सामंत्रे के हाथों कैच कराया। खराब फार्म के कारण रहाणे और पुजारा लंबे समय से आलोचकों के निशाने पर थे। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भी दोनों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। टीम को 2-1 से सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज से पहले रहाणे को उपकप्तान के पद से हटा दिया गया था। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में दोनों को टीम से बाहर कर दिया गया।