बिलासपुर। मेघों का डेरा, पवन ने झकझोरा, पावस नहीं सखी यह है बसंत ऋतु… यह किसी छायावादी कवि की लिखी कविता की पंक्ति नहीं बल्कि बुधवार को शहर के मौसम का हाल है, जहां माघ महीने में रात को बादल छाए और तेज हवाओं के बीच वर्षा हुई। इससे ऐसा लगा मानों बसंत नहीं बल्कि वर्षा ऋतु (पावस) हो। हवा की दिशा में परिवर्तन के कारण ऐसी स्थिति बनी है। अब गुरुवार को भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।
न्यायधानी में एक बार फिर मौसम बदल गया है। रात और दिन के तापमान में 16 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन सबके बीच दिन में हल्की गर्मी महसूस की गई। वहीं देर शाम आसमान में घने बादल छा गए। फिर रात में अच्छी बारिश हुई। रुक-रुककर देर रात तक बारिश होती रही। इससे वातावरण खुशनुमा हो गया। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जानकारी दी गई है कि 10 फरवरी से ठंड एक बार फिर बढ़ने का अनुमान है।
मौसम विज्ञानियों की मानें तो प्रदेश में हवा की दिशा में परिवर्तन होने के कारण 10 फरवरी को मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस 12 फरवरी तक गिरावट होने की संभावना है। हालांकि मौसम के बदलाव से स्पष्ट हो चुका है कि अब गर्मी दस्तक देने लगी है।