दुर्ग। जिले में सोमवार को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अंतिम दिन था। अंतिम दिन करीब चार हजार क्विंटल धान खरीदी की गई। इस तरह से इस खरीफ सीजन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग द्वारा दुर्ग जिले में कुल 41 लाख 70 हजार 968 क्विंटल धान खरीदी हुई।
जिसकी कुल कीमत 810 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस साल जिले की 94 समितियों में धान बेचने के लिए कुल एक लाख दो हजार 652 किसानों ने पंजीयन कराया था। जिसमें से 95 हजार 699 किसानों ने धान बेचा है। इन किसानों से कुल 41 लाख 70 हजार 968 क्विंटल धान की खरीदी की गई। जो गत वर्ष की गई खरीदी 40 लाख 38 हजार की तुलना में अधिक है।
वहीं जिले के 4566 किसानों ने अपने रकबा का समर्पण कर दिया। समर्पण करने वाले किसानों के धान का कुल रकबा 63.08 हेक्टेयर बताया गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी एक दिसंबर से शुरू हुई थी। अँतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी, लेकिन बेमौसम बरसात की वजह से जनवरी महीने में खरीदी प्रभावित रही। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर सात फरवरी कर दी गई थी।
खरीदी की अंतिम तिथि सात फरवरी को धान बेचने के लिए 165 किसानों को टोकन जारी किया गया था। इन किसानों से कुल 4617 क्विंटल धान खरीदी की जानी थी।
केंद्रों में 16 लाख क्विंटल धान जाम
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के 54 खरीद केंद्रों में धान का स्टाक बफर लिमिट से अधिक है। वहीं केंद्रों में कुल 16 लाख चार सौ क्विंटल धान परिवहन के लिए शेष होना बताया जा रहा है। अब तक की गई खरीदी में से 22 लाख 67 हजार 490 क्विंटल धान राइस मिलरों को कस्टम मिलिंग के लिए दिया गया है।