बिलासपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के आंकड़े में तो कमी दर्ज की जा रही है। लेकिन, एक बार फिर एक मरीज की मौत हुई है। वहीं रविवार के मुकाबले सोमवार को मरीजों की संख्या बढ़ी है। कुल 127 नए मरीज मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। टिकरापारा निवासी 80 वर्षीय सोम सिंह को कोरोना संक्रमित होने के बाद पिछले दिनों संभागीय कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सोमवार की दोपहर उनकी मौत हो गई है। बीते कुछ दिनों की स्थिति को देखते हुए मौत के आंकड़ों में ज्यादा इजाफा नहीं हो रहा और कोरोना संक्रमण के मामले में हो रही कमी राहत दे रहा है। सोमवार को शहर के सरकंडा, हेमूनगर, तोरवा, अज्ञेय नगर, भारतीय नगर, विनोबा नगर, सिरगिट्टी, बोड़पारा, नेहरू नगर, दयालबंद से ज्यादा मामले सामने आए हैं। सीएमएचओ डा. प्रमोद ने जिलेवासियों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की हिदायत दी है, ताकि संक्रमण की स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सके।
विभिन्न अस्पतालों में 131 मरीज भर्ती
संक्रमण कम होने के साथ ही अब अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी कम होने लगी है। मौजूदा स्थिति में संभागीय कोविड अस्पताल में सिर्फ छह मरीज भर्ती हैं। सिम्स, अपोलो अस्पताल के साथ अन्य निजी कोविड अस्पताल में 88 मरीज भर्ती हैं। कुल 94 मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।