दुर्ग। शुक्रवार को जिले में कोरोना के नए संक्रमित मरीज मिलने की तुलना में स्वस्थ्य होने वाले मरीजों की संख्या दोगुने से अधिक है। यह स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत की बात है। हालाकि कोरोना से होने वाली मौतों का सिलसिला अभी भी जारी है। शुक्रवार को भी कोरोना के तीन संक्रमित मरीजों की मौत हुई है।
जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जिले में 2234 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। जिसमें 421 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं पुराने संक्रमित मरीजों में से रिकार्ड 1006 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। जिले में एक जनवरी-2022 के बाद से संक्रमित मरीजों के स्वस्थ्य होने की यह सबसे बड़ी संख्या है। संक्रमित मरीजों के बड़ी संख्या में स्वस्थ्य होने की वजह से जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में भी कमी आ रही है। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 3821 बताई जा रही है। हालांकि जिले में कोरोना से तीन लोगों की मौत भी हुई है। तीनों मरीज सेक्टर-9 भिलाई में भर्ती थे। जिसमें से दो की उम्र 60 वर्ष और एक की उम्र 55 वर्ष से अधिक होना बताया गया है। स्वास्थ्य विभाग सभी मामलों में गंभीरता बरत रही है।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं रहेगा नाइट कर्फ्यू
जिले में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने पर जिला प्रशासन द्वारा छह जनवरी के संपूर्ण जिले में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाया गया था। जिसका समय रात्रि नौ बजे से सुबह छह बजे तक निर्धारित था। ग्रामीण अंचलों में कोरोना के नए मरीज मिलने की संख्या में कमी आने पर जिला प्रशासन द्वारा रात्रिकालीन कर्फ्यू हटा दिया गया है। इस संबंध मे शुक्रवार को अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी द्वारा संशोधित आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक जिले के नगरीय निकाय दुर्ग,भिलाई,भिलाई-चरोदा,रिसाली एवं नगर पालिका कुम्हारी व जामुल में रात्रिकालीन कर्फ्यू यथावत जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि नगरीय निकाय क्षेत्रों में अभी भी रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना के नए संक्रमित मरीज मिल रहे है। खासकर भिलाई,दुर्ग,रिसाली और भिलाई चरोदा हाट स्पाट बना हुआ है। इसे देखते हुए ही यह निर्णय लिया गया है।