बिलासपुर। करीब एक महीने के बाद कोरोना की तीसरी लहर कमजोर पड़ने लगी है। ऐसे में कोरोना नियंत्रण ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को जिले में 200 नए मरीजों की पहचान की गई है। इसके अलावा किसी भी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कोरोना की तीसरी लहर की शुरुआत 27 दिसंबर से हुई है। इसी दिन से संक्रमण बढ़ता गया। जनवरी के पहले सप्ताह से इसने रफ्तार पकड़ी।
लेकिन अब करीब एक महीने के बाद महामारी पर लगाम लगने लगी है। विभाग का कहना है कि वायरस धीरे-धीरे कमजोर होता जा रहा है। ऐसे में कोरोना नियंत्रण में और भी तेजी ला दी गई है। शुक्रवार को शहरी क्षेत्र अंतर्गत सबसे ज्यादा मामले रेलवे परिक्षेत्र से सामने आए हैं। इसके अलावा हेमूनगर, नेहरू नगर, मंगला, विनोबा नगर, राजकिशोर नगर, तोरवा, मंगला, गोल बाजार परिक्षेत्र में अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा ज्यादा मरीजों की पहचान की गई है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में भी मामले कम होते जा रहे हैं।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों के रहवासियों को राहत मिलने लगी है। पर गौर किया जाए तो 24 जनवरी 161, 25 को 306, 26 को 156, 27 को 144 और 28 जनवरी को 200 मरीज मिले हैं। इन सब के बीच सप्ताह भर में गिरावट दर्ज की जा रही हैं।