रायपुर। शिक्षा सत्र 2021-22 में सामान्य विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 10वीं में 1497 एवं कक्षा 12वीं में 631 सहित कुल 2128 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे बोर्ड कक्षा में शामिल होंगे। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए विशेष सुविधा दी जाएगी।
बुधवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल और समग्र शिक्षा के संयुक्त तत्वाधान में उन्मुखीकरण कार्यक्रम के लिए वर्चुअल बैठक का आयोजन कर जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव प्रोफेसर व्हीके गोयल ने जिला शिक्षा अधिकारी और सहायक जिला परियोजना अधिकारी को परीक्षा में शामिल होने वाले विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को दी जाने वाली सभी सुविधाओं से अवगत कराया।
उन्होंने इन हितग्राही बच्चों को अनिवार्य रूप से लाभान्वित करने के लिए निर्देशित किया। समग्र शिक्षा की प्रबंध संचालक नरेंद्र दुग्गा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बोर्ड द्वारा निर्धारित सुविधाओं से कोई भी विशेष आवश्यकता वाले बच्चे वंचित न रहे।