रायपुर। बीते दो दिनों से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में हो रहे बारिश ने आम उपभोक्ताओं को थोड़ा राहत दिया है। आम उपभोक्ताओं की रोजाना की रसोई और सस्ती हो गई है। शहर के विभिन्न सब्जी बाजारों में टमाटर 10 रुपये किलो और गोभी 30 रुपये किलो बिक रही है। इसके साथ ही अन्य सब्जियों की कीमतों में भी गिरावट आई है।
मंगलवार को शास्त्री बाजार, गोलबाजार, टिकरापारा, संतोषीनगर बाजार में टमाटर 10 रुपये किलो, गोभी 25-30 रुपये किलो, लौकी 15 रुपये किलो, पत्ता गोभी 20 रुपये किलो, भिंडी 30 रुपये किलो, करेला 40 रुपये किलो तक बिका। सब्जी कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में सब्जियों की कीमतों में और गिरावट आ सकती है। अभी स्थानीय आवक ही काफी अच्छी बनी हुई है। थोक सब्जी व्यावसायी संघ के अध्यक्ष टी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि बारिश से सब्जियों की आवक पर कोई असर नहीं हुआ है, बल्कि ग्राहकी थोड़ी कमजोर हुई है। इसका फायदा ही उपभोक्ताओं को कम कीमत के रूप में मिल रहा है।
आलू-प्याज 20 रुपये किलो
आलू और प्याज की सप्लाई भी इन दिनों काफी अच्छी बनी हुई है। इनकी आवक अच्छी होने के कारण कीमतों में किसी भी प्रकार से तेजी नहीं है। आलू-प्याज इन दिनों 20 रुपये किलो बिक रही है।
बारिश की वजह से ग्राहकी घटी
बारिश के चलते सब्जी बाजार में ग्राहकी काफी घट गई है। कारोबारियों के अनुसार ग्राहकी घटने की वजह से भी कीमतों में गिरावट आई है। खराब होने के डर से कारोबारी भी जल्द से जल्द सब्जियां निकालने लगे है।