मध्‍य प्रदेश में टीकाकरण को लेकर किशोरों में उत्‍साह, तीन दिन में बीस लाख से ज्‍यादा ने लगवाया टीका

भोपाल। प्रदेश में बुधवार को भी 15 से 18 साल तक के किशोरों में कोरोनारोधी टीका लगवाने को लेकर अच्छा उत्साह दिखा है। बुधवार को पूरे प्रदेश में आठ हजार से ज्यादा स्कूलों में 12 लाख 50 हजार किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। रात आठ बजे की स्थिति में आठ लाख 35 हजार किशोरों को टीका लगाया गया। प्रदेश में इस उम्र वर्ग के 48 लाख लोग हैं। इनमें से तीन दिन के भीतर 20 लाख से ज्यादा को पहली डोज लग चुकी है। राज्य सरकार ने सभी को 20 जनवरी तक टीका लगाने का लक्ष्य रखा है।

बुधवार को टीका लगाने के मामले में सबसे अच्छी स्थिति में छिंदवाड़ा रहा। यहां 14 हजार डोज लगाने का लक्ष्य था, लेकिन शाम चार बजे तक ही यहां 17,652 लोगों को टीका लगाया जा चुका था। इसके बाद क्रमश: आगर, रायसेन, खंडवा और अशोक नगर हैं। इन जिलों में 84 फीसद से ज्यादा टीकाकरण हुआ है। हालांकि, बुधवार को कई जिलों में टीका की उपलब्धता कम होने की वजह से दिक्कत आई।

भोपाल में बुधवार को 27 हजार किशोरों को लगा टीका, 50 हजार को लगाने का था लक्ष्य
राजधानी में बुधवार को 15 से 18 साल तक के किशोरों को टीका लगाने में अव्यवस्था हो गई। 360 स्कूलों में टीका लगाने की तैयारी थी। टीकाकरण के लिए बच्चों को बुला भी लिया गया, लेकिन टीका उपलब्ध नहीं होने की वजह से 50 से ज्यादा स्कूलों में टीका नहीं पहुंच पाया। जहां टीकाकरण हुआ, वहां भी आधे से ज्यादा बच्चों के लिए टीका कम पड़ गया। सभी स्कूलों में मिलाकर 27 हजार विद्यार्थियों को ही टीका लगाया गया। जिन स्कूलों में टीका नहीं पहुंचा, वहां के विद्यार्थियों को आसपास के स्कूलों में बुलाकर टीका लगाया गया। इसके बाद भी करीब 20 स्कूलों के विद्यार्थियों को टीका नहीं लग पाया। इससे बच्‍चे और उनके अभिभावक निराश, नाराज नजर आए।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *