मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में मथुरा सीट से सीएम योगी आदित्यनाथ को भाजपा का प्रत्याशी बनाए जाने की माँग उठी है। इस संबंध में पार्टी के ही राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को चिट्ठी लिखी है। पत्र में सीएम योगी को कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव में मथुरा से प्रत्याशी बनाने पर विचार करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा है कि योगी आदित्यनाथ ने अपने कर्तव्य और चिंतन से राज्य में भारी प्रतिष्ठा प्राप्त की है और प्रदेशवासियों की चिंतन की धारा बदल दी है।
हरनाथ सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि, ‘मुख्यमंत्री ने खुद ही कहा है कि पार्टी जहाँ से कहेगी, मैं वहीं से चुनाव लड़ूँगा। इसलिए मैं आपसे विनम्र शब्दों में आग्रह करता हूँ कि ब्रज क्षेत्र की जनता की विशेष इच्छा है कि योगी जी भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा से चुनाव लड़ें।’ साथ ही सिंह ने लिखा है कि उन्हें स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने यह पत्र लिखने की प्रेरणा दी हैं। ब्रज क्षेत्र की जनता की भावना है कि योगी जी यहीं से चुनाव लड़ें।
बता दें कि सीएम योगी इस वक़्त उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के सदस्य हैं। उन्होंने बीते दिनों पत्रकारों से औपचारिक बातचीत में स्पष्ट कहा था कि, ‘मेरे चुनाव लड़ने पर कोई संशय नहीं हैं। किन्तु मैं चुनाव कहाँ से लडूँगा इस बात का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।’ जब सीएम योगी से सवाल किया गया कि वह अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे या मथुरा, गोरखपुर से, तब उन्होंने कहा था, “पार्टी जहाँ से कहेगी, मैं वहाँ से चुनाव लडूँगा।’ बता दें कि इस समय योगी सरकार में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मथुरा से MLA हैं।