रायपुर । छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों को गति देने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने निर्देश दिए हैं कि जिन निर्माण कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों एवं एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएं, ताकि निर्माण के अनुकूल मौसम का पूरा उपयोग करते हुए कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।
श्री बंसल ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रमुख अभियंता कार्यालय के सभी मुख्य अभियंताओं के साथ विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुलों और नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति पर चर्चा की गई।
मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन फील्ड निरीक्षण के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें। इस दौरान कार्यों की गुणवत्ता, निर्माण की गति और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी से न केवल गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, बल्कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
ठेकेदारों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समय पर भुगतान
श्री बंसल ने अधिकारियों को ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने और नियमानुसार नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और उप अभियंता स्तर तक नियमित बैठकें आयोजित कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराए जाएं।
उन्होंने सभी परियोजनाओं में भौतिक एवं वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
गुणवत्ताहीन सड़कों को दोबारा बनाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में सचिव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों द्वारा किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों को अच्छी गुणवत्ता के साथ दोबारा कराया जाए।
इस क्रम में उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों तथा कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाने चाहिए।
भू-अर्जन और जनशिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की।
इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा सीपीग्राम्स (Centralised Public Grievances Redress & Monitoring System) के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री शशांक पाण्डेय, उप सचिव श्रीमती अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में विभागीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, निर्माण गुणवत्ता में सुधार लाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।