रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारा संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। राज्य सरकार संविधान के मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय गुरुवार को राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
संविधान ने प्रत्येक नागरिक को दिया समान अधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत भारतीय संविधान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। संविधान ने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना संविधान की समान अवसर की भावना का सशक्त उदाहरण है।
आपातकाल के संघर्ष को याद रखना जरूरी
मुख्यमंत्री श्री साय ने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा। उन्होंने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी श्री नरहरि साय भी लोकतंत्र सेनानी थे और आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पहले बंद की गई सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।
जनजातीय परंपराओं को प्रभावित नहीं करेगी समान नागरिक संहिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
बस्तर में गनतंत्र पर लोकतंत्र की विजय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था बनाए रखी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई हुई है। सुरक्षा बलों के साहस और सुनियोजित रणनीति से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। अब दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संविधान की लोककल्याणकारी भावना के अनुरूप किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आदान सहायता दी जा रही है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लाखों महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
संविधान की भावना को मजबूत कर रही सरकार: मंत्री गजेंद्र यादव
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान देश को समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ने की दिशा देता है। भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू करना न्याय व्यवस्था में बदलाव का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की सुरक्षा और आमजन को सहज न्याय उपलब्ध कराना है।
बाबा साहेब की विरासत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा: सांसद संतोष पांडेय
राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
संविधान के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक का दायित्व
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति श्री गौतम भादुड़ी ने कहा कि संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के संघर्ष एवं बलिदान से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री सुनील सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है, जब विकास की यात्रा में समाज का कोई भी वर्ग और कोई भी क्षेत्र पीछे न छूटे। किसानों की समृद्धि, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं की प्रगति और वंचित वर्गों का उत्थान ही प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।