जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुनी जशपुर की फरहीन की फरियाद, कैंसर पीड़ित पिता के इलाज में खत्म हुई परिवार की जमा पूंजी

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जशपुर से आई बीकॉम की छात्रा फरहीन की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। फरहीन ने अपनी मां के साथ पहुंचकर परिवार की आर्थिक परेशानियों और पिता के इलाज के दौरान सामने आई कठिन परिस्थितियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उसकी पूरी बात सुनकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

फरहीन ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। बीमारी से संघर्ष करते हुए वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हो गया। पिता के इलाज में परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो गई कि अब घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है। मौजूदा परिस्थितियों में परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ फरहीन की पढ़ाई जारी रखने की भी चुनौती खड़ी हो गई है।

फरहीन की आपबीती सुनकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उसे ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह अपनी पढ़ाई बिना किसी चिंता के जारी रखे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कठिन परिस्थितियों में सरकार जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री से अपनी परेशानी साझा करने और सहायता का भरोसा मिलने के बाद फरहीन के चेहरे पर राहत और उम्मीद की मुस्कान लौट आई। परिवार की कठिन परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री का आश्वासन उसके लिए संबल बना।

जनदर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। फरहीन के मामले में मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल जरूरतमंद परिवारों की परेशानियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *