नई दिल्ली । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने संविधान दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान हर भारतीय का सुरक्षा कवच है। यह प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व की गारंटी देता है तथा उसके अधिकारों की रक्षा करता है।
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों, क्रांतिकारियों और संविधान सभा के सम्मानित सदस्यों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव है और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा का आधार है। संविधान ने देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए हैं।
प्रियंका गांधी ने देशवासियों से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
संविधान दिवस के अवसर पर उनका संदेश संविधान की मूल भावना को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आह्वान करता है।