संविधान दिवस पर मंत्रालय में गूंजा संविधान की उद्देशिका का संदेश, मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाया सामूहिक वाचन

रायपुर । संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ मंत्रालय महानदी भवन में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने के लिए संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री विकासशील विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने मंत्रालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल आदर्शों, मूल्यों और संकल्पों को दोहराते हुए उनके प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का लिया संकल्प

सामूहिक वाचन के दौरान सभी ने संविधान की उद्देशिका में उल्लेखित भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को दोहराया।

इसके साथ ही देश के सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक आदर्शों का वाचन किया गया।

कार्यक्रम में व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए बंधुता की भावना विकसित करने के संकल्प को भी दोहराया गया।

26 नवंबर को मनाया जाता है संविधान दिवस

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित इस सामूहिक वाचन कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *