रायपुर । छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में Fira Barcelona के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ महत्वपूर्ण व्यावसायिक बैठक की।
बैठक में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनियों में भागीदारी, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के लिए सहयोग की बात सामने आई।
प्रतिनिधिमंडल में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और कृषि संचालक राहुल देव शामिल रहे। बैठक में भारत के काउंसिल जनरल सुश्री आर्स निसार भी उपस्थित थीं। Fira Barcelona के CEO ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से बढ़ावा देने में सहयोग की बात कही।
जीआई टैग वाले चावलों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार
छत्तीसगढ़ के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्राप्त है। अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाने वाले इन चावलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग से किसानों को बेहतर बाजार और उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
किसानों और FPO को मिलेंगे नए अवसर
Fira Barcelona विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने का कार्य करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के लिए भी इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे प्रदेश के किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों, उत्पादकों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं। इसके साथ ही आधुनिक पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों और निर्यात आधारित कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के कुल निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में स्थापित करने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की संभावनाएं विकसित होंगी।
धान के कटोरे के रूप में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ अब अपनी कृषि विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रदेश के सुगंधित चावलों की बढ़ती पहचान आने वाले समय में किसानों के लिए आर्थिक समृद्धि के नए रास्ते खोल सकती है।