भारत में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट आमिक्रोन के कारण लोगों में चिंता देखी जा रही है। इस वेरिएंट के मामले भी बढ़ रहे हैं। इसके अब तक 236 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, देखा जाए तो पिछले काफी समय से देश में नए कोरोना वायरस के कुल मामले 10 हजार से नीचे बने हुए हैं और साथ ही सक्रिय मामले भी दिन पर दिन घट रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में 7,495 लोगों ने कोरोना वायरस संक्रमण के लिए सकारात्मक परीक्षण किया है। इसी के साथ भारत में COVID-19 मामलों की कुल संख्या बढ़कर 3 करोड़ 47 लाख 65 हजार 976 हो गई, जबकि सक्रिय मामलों में हल्की बढ़ोतरी हुई है और ये अब 78,291 हो गए हैं।
सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, 434 लोगों की कोरोना वायरस से मौत भी हुई है। इसी के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,78,759 हो गई है। 24 घंटों में सक्रिय मामलों में 101 मामलों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा, राष्ट्रीय COVID-19 रिकवरी दर 98.40 प्रतिशत दर्ज की गई है।
पिछले 56 दिनों से नए कोरोना वायरस संक्रमणों में दैनिक वृद्धि 15,000 से नीचे दर्ज की गई है। दैनिक सकारात्मकता दर 0.62 प्रतिशत दर्ज की गई थी। पिछले 80 दिनों से यह दो फीसदी से भी कम है। साप्ताहिक सकारात्मकता दर भी 0.59 प्रतिशत दर्ज की गई। मंत्रालय के मुताबिक पिछले 39 दिनों से यह एक फीसदी से नीचे है। बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 42 लाख 08 हजार 926 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.38 प्रतिशत हो गई। बीते दिन 6,960 लोग डिस्चार्ज हुए।