कोरबा । जिले में शीतलहर में आई तेजी के बाद जिला प्रशासन ने लोगों को अलर्ट करने के साथ ठंड से बचने की कवायद तेज कर दी है। गांवों में अलाव जलवाए जा रहे हैं। उम्रदराज और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के गर्म कपड़े दिए जा रहे हैं। सप्ताह भर से पूरा जिला शीतलहर की चपेट में है। शाम होते ही ठिठुरन शुरू हो जाती है। कड़ाके की पड़ रही ठंड से बचने के लिए ग्राम पंचायत और आश्रित गांव तक सभी उपाय किए जा रहे हैं। कलेक्टर रानू साहू ने बुधवार को अपने करतला विकासखंड प्रवास के दौरान जरूरतमंद बुजुर्गों को ठंड से बचाने कंबलों का वितरण किया।
उन्होंने जरूरतमंद लोगों को हर संभव मदद करने के लिए अधिकारियों से कहा है। प्रशासनिक सहयोग से विकासखंडों में भी गांव-गांव में लोगों को ठंड से बचाने कंबलों का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही चौपाल व सार्वजनिक स्थलों पर प्रशासन द्वारा अलाव भी जलवाए जा रहे है। प्रशासन द्वारा लोगों को शीत लहर से बचने के तरीके भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मितानिनो, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा भी बताए जा रहे है। वनांचल गांवों में शहर की अपेक्षा शीत लहर का असर दिनोदिन बढ़ते जा रहा। लोगों को गरम पेय पीने और ठंड से बचने लगातार गरम कपड़े पहनने रहने की भी सलाह दी जा रही है। वहीं ग्रामीण अंचलों में ठंड के कारण धान मिंजाई का काम भी प्रभावित हो रहा है। वनांचल क्षेत्र में लोग हाथियों के भय से अपने धान बेचने खरीदी केंद्र भी नहीं जा रहे हैं। ठंड के कारण लोग अब बीमार भी पड़ने लगे है।