लखनऊ । उत्तर प्रदेश में टेबल टेनिस खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘स्टैग ग्लोबल’ 73वीं उत्तर प्रदेश राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन 27 से 29 नवंबर तक राजधानी लखनऊ में किया जाएगा। प्रतियोगिता भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल, के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम में आयोजित होगी।
इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा लखनऊ डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है।
प्रदेशभर के करीब 400 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव अरुण कुमार बनर्जी ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 400 खिलाड़ी एवं प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों की भी भागीदारी रहेगी।
तीन दिनों तक होगा रोमांचक मुकाबला
27 से 29 नवंबर तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, प्रदेश में टेबल टेनिस के प्रति रुचि बढ़ाना और उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
लखनऊ में होने वाली इस चैंपियनशिप को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।