प्रियांश आर्य ने 68 गेंदों में ठोके 181 रन, टी20 इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया

इंदौर । सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के युवा बल्लेबाज और कप्तान प्रियांश आर्य ने मंगलवार को ऐतिहासिक पारी खेलते हुए क्रिकेट जगत में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने महज 68 गेंदों पर 181 रन ठोक दिए। इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।

इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में प्रियांश ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तमिलनाडु के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। उनकी पारी में 19 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। उन्होंने मात्र 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।

केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा

प्रियांश आर्य ने इस ऐतिहासिक पारी के साथ केएल राहुल का भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। राहुल ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाए थे।

प्रियांश के 181 रन पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रिटोरियस 188 रन की नाबाद पारी के साथ पहले स्थान पर हैं।

दिल्ली ने बनाया 275 रनों का विशाल स्कोर

प्रियांश की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। उनकी पारी दिल्ली की बल्लेबाजी का मुख्य आकर्षण रही।

इसके जवाब में तमिलनाडु की पूरी टीम 18.3 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस तरह दिल्ली ने मुकाबला 116 रनों से अपने नाम कर लिया।

दिल्ली की टूर्नामेंट में चौथी जीत

इस जीत के साथ दिल्ली ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में छह मुकाबलों में अपनी चौथी जीत दर्ज की। टीम के खाते में अब 16 अंक हो गए हैं।

प्रियांश आर्य की इस ऐतिहासिक पारी ने न केवल दिल्ली को बड़ी जीत दिलाई, बल्कि भारतीय टी20 क्रिकेट में व्यक्तिगत बल्लेबाजी का नया मानक भी स्थापित कर दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *