किरंदुल। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परियोजना स्तर पर कोड़ेनार पंचायत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मान उत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में किरंदुल, गुमियापाल और अरनपुर सेक्टर की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे बच्चों की देखभाल, कुपोषण मुक्ति, माताओं को सहयोग और घर-घर जाकर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंच रही हैं। उनके इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया सम्मानित
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोड़ेनार सरपंच मीना मंडावी रहीं। इस अवसर पर उपसरपंच, पंच, भाजपा के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ता तथा परियोजना अधिकारी अनिल लूनारे, हसीना धृत लहरें और यामिनी साहू उपस्थित रहे।
अतिथियों एवं अधिकारियों ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित किया।
आंगनबाड़ी केंद्र नियमित संचालन पर विशेष जोर
इस अवसर पर सुपरवाइजर शांति मीडियामी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं रहने चाहिए और बच्चों को मिलने वाली पोषण, देखभाल एवं अन्य आवश्यक सेवाएं लगातार जारी रहनी चाहिए। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए फिलहाल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिकाओं के योगदान को भी पूरा सम्मान दिया जाएगा। उनके लिए अलग से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक कर्मचारी को उसके कार्य और समर्पण के अनुरूप सम्मान मिल सके।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, आपसी सम्मान और सामाजिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के वातावरण में हुआ। इस आयोजन से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।