जोहान्सबर्ग । दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डी विलियर्स ने 2018 के चर्चित बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले यानी डरबन टेस्ट से ही गेंद के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी थी। डी विलियर्स के इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर 2018 का विवाद चर्चा में आ गया है।
यह विवाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ के सामने आने के बाद फिर सुर्खियों में आया था। ख्वाजा के अलावा चैड सेयर्स और कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी इस मामले को लेकर कुछ अहम खुलासे किए थे।
केपटाउन टेस्ट से पहले भी हुआ था सैंडपेपर का इस्तेमाल
2018 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के दौरान केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। इस विवाद में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में पकड़ा गया था।
बाद में सामने आए बयानों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी केपटाउन टेस्ट से पहले पोर्ट एलिजाबेथ (अब ग्केबेरहा) टेस्ट में भी गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल कर रहे थे।
डी विलियर्स के बयान से फिर गर्माया विवाद
अब एबी डी विलियर्स ने दावा किया है कि गेंद से छेड़छाड़ की शुरुआत डरबन में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट से ही हो गई थी। उनका यह दावा विवाद के घटनाक्रम को और पीछे ले जाता है।
2018 का बॉल टेंपरिंग प्रकरण ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास के सबसे चर्चित विवादों में शामिल रहा है। इस घटना के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई थी।
डी विलियर्स के ताजा दावे ने एक बार फिर उस दौर की घटनाओं और ऑस्ट्रेलियाई टीम की भूमिका को लेकर बहस तेज कर दी है।