किरंदुल में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव

किरंदुल। साई बाबा जन कल्याण सेवा समिति, किरंदुल के तत्वावधान में सोमवार को सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गणेश मंदिर प्रांगण, रेलवे कॉलोनी किरंदुल में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे नगर कीर्तन के साथ हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे सत्य साई बाबा का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। दोपहर 12:30 बजे भोग आरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात दोपहर 1 बजे महाभण्डारे का आयोजन किया गया। महाभण्डारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लिया।

भजन-कीर्तन और आरती से गूंजा मंदिर परिसर

जन्मोत्सव के अवसर पर शाम 6 बजे धूप आरती की गई। इसके बाद शाम 6:30 बजे भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने साई भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शाम 7:30 बजे भोग आरती के साथ केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

पूरे दिन गणेश मंदिर प्रांगण साई नाम के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। भक्तों ने पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

समिति ने जताया आभार

साई बाबा जन कल्याण सेवा समिति के सदस्यों ने जन्मोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, दानदाताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इस धार्मिक आयोजन ने किरंदुल में आध्यात्मिक वातावरण के साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *