रायपुर । नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य के पुरातत्व विभाग की ओर से दुर्लभ पांडुलिपियों, प्राचीन ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी इन ऐतिहासिक धरोहरों को देखने के लिए लोगों में विशेष उत्साह है।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित यह मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 के प्रथम तल पर लगभग 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में बने छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की प्राचीन विरासत के साथ पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।
मुख्यमंत्री ने बताया छत्तीसगढ़ की बदलती पहचान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 20 नवंबर को भारत मंडपम में आयोजित व्यापार मेले में शिरकत की। इस दौरान छत्तीसगढ़ पवेलियन में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के लिए चर्चा में रहने वाला बस्तर और छत्तीसगढ़ आज अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पवेलियन में परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
कल्चुरि काल के ताम्रपत्र और दुर्लभ पांडुलिपियां बनीं खास आकर्षण
प्रदर्शनी में रतनपुर के कल्चुरि काल में रचित औषधीय पांडुलिपियां ‘खूब तमाशा’ और ‘नासकेत’ विशेष रूप से प्रदर्शित की गई हैं। इसके अलावा रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी किया गया ताम्रपत्र भी रखा गया है, जो उस समय की राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
गोंडवाना क्षेत्र की वीरांगना रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरों में लिखी दुर्लभ पांडुलिपि और गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से जुड़े सुषेनदास महाराज की रामायण विषयक पांडुलिपि भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र हैं।
छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि भी प्रदर्शित
प्रदर्शनी में वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा लिखित ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ भी शामिल है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। रतनपुर को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले बाबू रेवाराम इतिहासकार, कवि और विद्वान थे। उनकी इस कृति में हैहैयवंशी (कल्चुरी) राजाओं और उनके शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज हैं।
इसके साथ ही ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल में मोड़ी लिपि में हस्तलिखित कर संबंधी सनद भी प्रदर्शित की गई है, जिससे तत्कालीन राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी मिलती है।
प्रथम विश्वयुद्ध से पहले का आर्थिक दस्तावेज बना आकर्षण
प्रदर्शनी में बिलासपुर के विद्वान पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी रखी गई है। वे ई. राघवेंद्र राव के गुरु और मार्गदर्शक रहे थे। लगभग 1913 की यह ऐतिहासिक विवरणिका प्रथम विश्वयुद्ध से पहले छत्तीसगढ़ की आर्थिक एवं वित्तीय स्थिति का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
इसमें उस दौर की दैनिक उपयोग की वस्तुओं के मूल्य, खर्च और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित जानकारियां मिलती हैं। यह दस्तावेज तत्कालीन सामाजिक और आर्थिक जीवन को समझने का महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्रोत है।
रायपुर जेल में तैयार हुई थी देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका
छत्तीसगढ़ पवेलियन में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी एक अनूठी धरोहर ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ पत्रिका की मूल प्रति भी प्रदर्शित की गई है। इसे देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका माना जाता है।
इस द्विमासिक और सचित्र पत्रिका का संपादन एवं प्रकाशन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा ने वर्ष 1921-22 के दौरान रायपुर जेल में रहते हुए किया था। असहयोग आंदोलन के दौरान जेल में बंद रहते हुए उन्होंने इसके कुल छह अंक तैयार किए थे। पत्रिका में अंग्रेज अधिकारियों और जेल प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं कैदियों के साथ किए जाने वाले दुर्व्यवहार तथा जेल की कठिन परिस्थितियों का वर्णन किया गया था।
ज्ञान भारतम मिशन से प्राचीन विरासत के संरक्षण को बढ़ावा
प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन की महत्ता को भी रेखांकित किया जा रहा है। इस मिशन के अंतर्गत प्राचीन पांडुलिपियों की खोज, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण, संवर्धन और डिजिटलीकरण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
इसका उद्देश्य भारत की विशाल हस्तलिखित ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप यह पहल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ज्ञान और मानव संसाधन विकास को भी प्रोत्साहित करती है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की यह प्रस्तुति प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर सामने ला रही है। दुर्लभ पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों के माध्यम से प्रदेश की सदियों पुरानी ज्ञान परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।