मुंबई । भारतीय शेयर बाजार के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) बाजार पूंजीकरण के आधार पर दुनिया के शीर्ष पांच सूचीबद्ध शेयर बाजार संचालकों में शामिल हो गया है। इसके साथ ही एनएसई ने देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनियों में भी अपनी जगह बना ली है।
शुक्रवार को कारोबार के दौरान एनएसई का शेयर 32 रुपये यानी 1.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,220.30 रुपये पर पहुंच गया। इसके साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 5,49,524 करोड़ रुपये हो गया। इस उपलब्धि के साथ एनएसई देश की दस सबसे मूल्यवान कंपनियों में दसवें स्थान पर पहुंच गया।
नैस्डैक और हांगकांग एक्सचेंज को छोड़ा पीछे
एनएसई ने बाजार पूंजीकरण के मामले में अमेरिका के नैस्डैक और हांगकांग एक्सचेंज (HKEX) को पीछे छोड़ते हुए वैश्विक स्तर पर पांचवां स्थान हासिल किया है। उपलब्ध बाजार आंकड़ों के अनुसार, एनएसई का मूल्यांकन लगभग 59.3 से 59.7 अरब डॉलर के बीच रहा।
दुनिया के प्रमुख सूचीबद्ध एक्सचेंज संचालकों में CME ग्रुप पहले, इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज दूसरे, जर्मनी का डॉयचे बोर्स तीसरे और लंदन स्टॉक एक्सचेंज ग्रुप चौथे स्थान पर है। एनएसई पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।