सड़क निर्माण में देरी से भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू के नेतृत्व में किया चक्काजाम

तिल्दा-नेवरा। सासाहोली से सांकरा तक सड़क निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी और बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर देखने को मिला। ग्राम पंचायत सरोरा के ग्रामीणों ने सरपंच श्रीमती उमेश्वरी विश्राम साहू के नेतृत्व में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर घंटों यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

11 महीने से बंद है सड़क निर्माण कार्य

ग्राम पंचायत सरोरा की सरपंच श्रीमती उमेश्वरी विश्राम साहू ने बताया कि सासाहोली से सांकरा तक सड़क निर्माण का कार्य पिछले 11 महीनों से बंद पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने के लिए ग्रामीणों द्वारा लोक निर्माण विभाग (PWD), एसडीएम कार्यालय सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों के लगातार चक्कर लगाए गए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई लोग चोटिल हो चुके हैं, वहीं कुछ लोगों के हाथ-पैर तक टूटने की घटनाएं सामने आई हैं।

खराब सड़क से रोजाना परेशान हो रहे ग्रामीण

बदहाल सड़क के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों को भी प्रतिदिन आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

बार-बार शिकायतों और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद राहत नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से चक्काजाम करने का निर्णय लिया।

PWD अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ चक्काजाम

ग्रामीणों की प्रमुख मांग थी कि सासाहोली से सांकरा तक सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को दुर्घटनाओं और आवागमन की परेशानियों से राहत मिल सके।

प्रदर्शन के दौरान सरपंच प्रतिनिधि विश्राम साहू ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने 31 दिसंबर तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया।

अब ग्रामीणों की निगाहें विभाग के आश्वासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि संबंधित विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराकर लोगों को राहत दिला पाता है या नहीं।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित

इस धरना-प्रदर्शन में सरपंच श्रीमती उमेश्वरी विश्राम साहू, सरपंच प्रतिनिधि विश्राम साहू, उपसरपंच बसंत सिंह विनोद सहित पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रदर्शन में पंच श्रीमती इंदु शेखर शर्मा, चंद्र प्रकाश साहू, जैन नारायण वर्मा, दयाचंद चतुर्वेदी, जितेंद्र वर्मा, ताराचंद पाल, मनोज यदु, ओमप्रकाश वर्मा, नारायण यदु, स्मिता चतुर्वेदी, रति राज गोड़, भुनेश्वरी वर्मा, सती निषाद, प्रमिला साहू, पप्पू मानिकपुरी, रेवाराम यदु एवं राजेश देवांगन सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि 31 दिसंबर तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या से मुक्ति मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *