पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार; फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान

रायपुर । प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इनमें राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में प्रथम तथा इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

बड़े बचेली देश में प्रथम, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को भी सम्मान

छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए।

  • नगर पालिका परिषद बड़े बचेली: एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान।
  • नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा: एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में द्वितीय स्थान।
  • नगर पालिक निगम बिलासपुर: एक लाख से 10 लाख आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में द्वितीय स्थान।

इन पुरस्कारों के साथ छत्तीसगढ़ ने पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के क्षेत्र में अपनी प्रभावी कार्यप्रणाली साबित की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई प्रसन्नता

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त करना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश में सुशासन, प्रभावी कार्यप्रणाली और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निकायों के प्रयासों को सराहा

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगी।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

पुरस्कार समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, संचालक श्री निलेश महादेव क्षीरसागर तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील अग्रहरी उपस्थित रहे।

इसके अलावा बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी एवं आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका के अध्यक्ष श्री राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पी.टी.एम. कृष्णा राव भी समारोह में शामिल हुए।

छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण को मिली नई पहचान

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी आजीविका मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों को संस्थागत ऋण सुविधा और डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़कर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।

छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार इस बात का प्रमाण हैं कि प्रदेश के नगरीय निकाय शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल वित्तीय समावेशन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में प्रभावी प्रयास कर रहे हैं।

पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यक्षमता और सुशासन की मजबूत पहचान स्थापित की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *