उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई दिल्ली में ग्रहण किए राज्य स्तरीय पुरस्कार, बड़े बचेली को पहला और दंतेवाड़ा-बिलासपुर को मिला दूसरा स्थान

रायपुर । प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स (Fastest Movers) श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज (Innovation and Best Practices) श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए।

इसके अलावा प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

बड़े बचेली देश में प्रथम, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को दूसरा स्थान

स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

  • बड़े बचेली नगर पालिका परिषद: एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान।
  • दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद: इसी श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान।
  • बिलासपुर नगर निगम: एक लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में दूसरा स्थान।

इन पुरस्कारों से पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान से जोड़ने, संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और उनकी आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई प्रसन्नता

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त करना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

अरुण साव बोले- नगरीय निकायों के समर्पित प्रयासों का परिणाम

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

यह उपलब्धि प्रदेश के नगरीय निकायों को छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगी।

छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बना रही पीएम स्वनिधि योजना

पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को मजबूत बनाना और उन्हें औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ना है।

योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों को वित्तीय सहायता के साथ डिजिटल लेनदेन अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे उनकी बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच बढ़ रही है और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिल रही है।

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री भी रहे उपस्थित

नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, संचालक श्री निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील अग्रहरी सहित विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार राज्य में शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल बैंकिंग और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की बड़ी उपलब्धि हैं। इस सम्मान से प्रदेश की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत हुई है और पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान को नई प्रेरणा मिली है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *