नई दिल्ली । वाहन बीमा की अवधि समाप्त होने को लेकर वाहन मालिकों को भेजे जा रहे एसएमएस के बीच भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि वाहन का बीमा समाप्त होने पर टोल प्लाजा पर कोई चालान नहीं काटा जाएगा और न ही कोई जुर्माना लगाया जाएगा।
एनएचएआई ने अपने बयान में कहा कि चुनिंदा राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को वाहन बीमा की अवधि समाप्त होने के संबंध में भेजे जा रहे संदेश प्रस्तावित जन जागरूकता पहल के परीक्षण का हिस्सा हैं। इस पहल का उद्देश्य वाहन मालिकों को समय पर अपने वाहन का बीमा नवीनीकृत कराने के प्रति जागरूक करना है।
प्राधिकरण के मुताबिक, यह पहल पूरी तरह सूचनात्मक और परामर्श आधारित है। इसका टोल प्लाजा पर चालान काटने या जुर्माना वसूलने से कोई संबंध नहीं है।
एनएचएआई ने स्पष्ट किया कि वाहन मालिकों को भेजे जा रहे एसएमएस को लेकर किसी तरह की गलतफहमी में आने की जरूरत नहीं है। ये संदेश केवल वाहन बीमा के समय पर नवीनीकरण के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से भेजे जा रहे हैं।
वाहन मालिकों को राहत
एनएचएआई के इस स्पष्टीकरण से उन वाहन मालिकों को राहत मिली है, जो बीमा समाप्त होने संबंधी संदेश मिलने के बाद टोल प्लाजा पर चालान या जुर्माना लगने की आशंका जता रहे थे। हालांकि, वाहन मालिकों को कानूनी प्रावधानों के अनुसार अपने वाहन का वैध बीमा बनाए रखने की सलाह दी जाती है।