भारत-जापान ने समुद्री व्यापार की सुरक्षा और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर, जयशंकर बोले- वैश्विक चुनौतियों से निपटने में अहम है साझेदारी

नई दिल्ली । भारत और जापान ने आपसी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के साथ समुद्री व्यापार की सुरक्षा, रक्षा सहयोग तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला बनाए रखने पर जोर दिया है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि भारत-जापान की मजबूत साझेदारी मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

डॉ. जयशंकर ने गुरुवार को जापान की राजधानी टोक्यो में भारत-जापान के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी ‘टू प्लस टू वार्ता’ के समापन के बाद यह बात कही।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया कई बड़े संकटों और चुनौतियों का सामना कर रही है। दो बड़े संघर्षों, आर्थिक अस्थिरता और कोविड महामारी के प्रभावों ने वैश्विक परिस्थितियों को प्रभावित किया है। ऐसे दौर में भारत और जापान के बीच मजबूत सहयोग का विशेष महत्व है।

वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा, रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता एवं स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्री ने भारत-जापान संबंधों को वैश्विक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनों देशों की साझेदारी बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में साझा चुनौतियों का सामना करने और रणनीतिक हितों को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकती है।

गौरतलब है कि भारत और जापान के बीच ‘टू प्लस टू वार्ता’ दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच होने वाली उच्चस्तरीय बैठक है। इसके माध्यम से द्विपक्षीय रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर आपसी समन्वय को आगे बढ़ाया जाता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *