नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा कर पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
गौरतलब है कि इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ था। वह भारत की पहली और अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक तथा जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।
इंदिरा गांधी को स्वतंत्रता के बाद भारतीय राजनीति की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में गिना जाता है। देश के राजनीतिक और ऐतिहासिक घटनाक्रम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी जयंती पर देशभर में उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।