किरंदुल। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आगामी 27 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित होने जा रहा है। इस सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में श्रमजीवी पत्रकार शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भी सहभागिता प्रस्तावित है। सम्मेलन को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां तेज हो गई हैं।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला दंतेवाड़ा इकाई की महत्वपूर्ण बैठक एवं दीपावली मिलन समारोह जिला अध्यक्ष आजाद सक्सेना की अगुआई में आयोजित किया गया। बैठक में बिलासपुर में होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही दंतेवाड़ा जिले से अधिक से अधिक पत्रकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की गई।
पत्रकारों की एकजुटता और संवाद का बनेगा साझा मंच
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष आजाद सक्सेना ने सभी पत्रकार साथियों से 27 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तरीय सम्मेलन पत्रकारों को एक मंच पर लाने, आपसी संवाद और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस मंच पर पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सामूहिक रूप से चर्चा की जा सकेगी।
दीपावली मिलन समारोह में दिखा आपसी भाईचारा
बैठक के दौरान आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पत्रकार साथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन की एकजुटता, आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। सभी सदस्यों ने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला अध्यक्ष आजाद सक्सेना, महासचिव जितेंद्र चौधरी, फखरे आलम, अमलेन्दु चक्रवर्ती, डीएम सोनी, संजीव दास, रामकृष्ण बैरागी, रघु राव, दर्जन सिंह, सलमान नवाब, शेखर दत्ता, रवि दुर्गा, एच.एस. अजहर, रामू राव, धर्मपाल मिश्रा, निलेश पाटले, गेंदलाल मरावी और नवीन चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
बिलासपुर सम्मेलन को लेकर पत्रकारों में उत्साह
27 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को लेकर दंतेवाड़ा जिले के पत्रकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिला इकाई सम्मेलन में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों में जुटी है। माना जा रहा है कि यह सम्मेलन प्रदेशभर के पत्रकारों के बीच संगठनात्मक समन्वय, संवाद और एकजुटता को नई मजबूती देने का अवसर बनेगा।