दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला 1.08 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सौंपा चेक

रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने दिवंगत पुलिस आरक्षक के परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह तथा जेल मंत्री श्री विजय शर्मा ने मंगलवार को महानदी भवन, नवा रायपुर में दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय श्री सोनवीर कुमार की पत्नी श्रीमती प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा।

यह राशि बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत प्रदान की गई है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार के किसी सदस्य को खोने की क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है।

पुलिसकर्मियों के परिवारों की आर्थिक सुरक्षा प्राथमिकता

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना भी सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है।

बीमा राशि के सुरक्षित निवेश के लिए दिया निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को सुरक्षित निवेश और उचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उपयोगी साबित होना चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली शेष सहायता और अन्य सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

12 साल से अधिक समय तक पुलिस बल में दी सेवाएं

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दी थीं।

गत 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी एवं नामिनी श्रीमती प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा सहायता प्रदान की गई है।

परिवार को आर्थिक सहायता के साथ-साथ दिवंगत आरक्षक के पुत्र श्री दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की जा चुकी है।

नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी मिलेगा बीमा लाभ

छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं। इनके अंतर्गत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है।

अब इस व्यवस्था का विस्तार नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों तक भी किया गया है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले जवानों और उनके परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।

बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिसकर्मियों के मामलों में सैलरी पैकेज के अंतर्गत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह योजना आश्रित परिवारों की आर्थिक स्थिरता, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन रही है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट श्री कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक श्री दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक श्री प्रभाकर कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक श्री मधुसूदन कुमार उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *