किरंदुल।बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुआकोंडा विकासखंड के संकुल किरंदुल ग्रामीण अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पेरपा सरपंचपारा, पंचायत मड़ादी में सराहनीय पहल की गई है। विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती प्रेमलता साहू ने अपने निजी खर्च से स्कूल के समीप सड़क सुरक्षा चेतावनी बोर्ड लगवाया है।
विद्यालय सड़क किनारे स्थित होने के कारण यहां पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। स्कूल के पास से भारी वाहनों का आवागमन होता है। वहीं सड़क पर मोड़ होने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसे देखते हुए प्रधान पाठक प्रेमलता साहू ने बच्चों की सुरक्षा के लिए यह पहल की।
सड़क सुरक्षा चेतावनी बोर्ड लगाने का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को विद्यालय क्षेत्र के प्रति सतर्क करना और धीमी गति से वाहन चलाने के लिए जागरूक करना है, ताकि बच्चों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
इस कार्य में जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती, सरपंच राजू कड़ती, वार्ड पंच एवं ग्राम पंचायत मड़ादी का सहयोग और सहमति प्राप्त हुई। जनप्रतिनिधियों ने प्रधान पाठक के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रधान पाठक प्रेमलता साहू की यह पहल बताती है कि एक शिक्षक की जिम्मेदारी केवल बच्चों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनके सुरक्षित भविष्य के लिए प्रयास करना भी है। अपने निजी खर्च से उठाया गया यह कदम अन्य शिक्षकों और विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायक है।