धान खरीदी से खुश हैं किसान, ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप से घर बैठे मिल रही टोकन की सुविधा

जशपुरनगर । छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान शुरू हो चुका है। प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस बार ऑनलाइन टोकन की सुविधा मिलने से किसानों को खरीदी केंद्रों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इससे किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल है।

राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के साथ खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।

‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप से घर बैठे जारी होगा टोकन

किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष धान खरीदी केंद्रों में ऑफलाइन टोकन के साथ-साथ ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था भी की गई है। इसके जरिए किसान अपने मोबाइल से घर बैठे टोकन जारी कर सकते हैं।

इस सुविधा से किसानों का समय बच रहा है। साथ ही उन्हें अपनी धान बिक्री की बारी और निर्धारित समय की जानकारी पहले से मिल रही है। लंबी कतारों और बार-बार खरीदी केंद्र जाने की परेशानी भी कम हुई है।

गढ़ाबहार केंद्र की व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट

धान खरीदी केंद्र गढ़ाबहार में किसान भोला यादव ने बताया कि वे भी ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे अपना टोकन जारी करेंगे। उन्होंने केंद्र में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और पारदर्शी तौल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को धान बेचने में सहूलियत हो रही है।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी पर जताया आभार

किसान भोला यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों से किया अपना वादा निभाया है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और खेती-किसानी के प्रति उनका भरोसा बढ़ेगा।

उन्होंने किसान हितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

किसानों को मिल रही लंबी कतारों और बिचौलियों से राहत

जिले के अन्य किसानों ने भी राज्य सरकार की धान खरीदी व्यवस्था की सराहना की है। किसानों का कहना है कि इस बार टोकन व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक है। ऑनलाइन सुविधा से लंबी कतारों में खड़े रहने और बिचौलियों की चिंता से राहत मिली है।

राज्य सरकार द्वारा डिजिटल सुविधाओं और बेहतर खरीदी व्यवस्था के माध्यम से किसानों को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है। इससे प्रदेश के अन्नदाताओं में खुशी का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *