नई दिल्ली। भारत और जापान के बीच रक्षा एवं रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चौथी विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की टू प्लस टू वार्ता आयोजित होने जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर जापान की राजधानी टोक्यो जाएंगे। इस दौरान वह भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता में हिस्सा लेने के साथ जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस महत्वपूर्ण वार्ता की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर करेंगे। वहीं जापान की ओर से रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी इसमें शामिल होंगे।
रक्षा और रणनीतिक सहयोग की होगी समीक्षा
चौथी टू प्लस टू वार्ता में भारत और जापान के बीच रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग के सभी प्रमुख पहलुओं की व्यापक समीक्षा की जाएगी। दोनों देश आपसी रक्षा साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
इस दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर भी चर्चा होने की संभावना है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा परिदृश्य और साझा रणनीतिक हितों के मद्देनजर यह वार्ता दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भारत-जापान साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती
भारत और जापान के बीच रक्षा, सुरक्षा, तकनीक और रणनीतिक क्षेत्रों में लगातार सहयोग बढ़ रहा है। टू प्लस टू संवाद दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां वे विदेश नीति और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर समन्वय स्थापित करते हैं।
राजनाथ सिंह की इस यात्रा से भारत-जापान के बीच रक्षा संबंधों को और गति मिलने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए आपसी सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।