रायपुर । राज्यपाल श्री रमेन डेका भिलाई स्थित स्कंद आश्रम परिसर में आयोजित 29वें स्कंदषष्ठी महोत्सव की महापूर्णाहुति में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की और आयोजन के साक्षी बने।
स्कंदषष्ठी महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इनमें ऋण विमोचन गणपति हवन, श्री शत्रु संहार सुब्रमण्या त्रिसदी हवन, वदुक राजा पूजा, कन्या पूजा, सुभाषिनी पूजा एवं दम्पत्ति पूजा प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी धार्मिक अनुष्ठानों के विधिवत संपन्न होने के पश्चात महापूर्णाहुति आयोजित की गई।
स्कंद आश्रम परिसर में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रहा। 29वें वर्ष आयोजित इस महोत्सव की महापूर्णाहुति के अवसर पर बड़ी संख्या में आयोजक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त श्री एस.एन. राठौर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।