गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा बनी प्रेरणा का केंद्र : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया अनावरण

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का साहस, संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। वे जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आज बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके महान संघर्ष और बलिदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया।

उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी शासन को दी चुनौती

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।

उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। नई पीढ़ी को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि युवा अपने महान नायकों के आदर्शों को आत्मसात कर सकें।

जनजातीय वीथिका में दिखी वीर नायकों की गौरवगाथा

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया। यहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से संबंधित जानकारियों को देखा तथा इस पहल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि जनजातीय वीर नायकों का साहस और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। जनजातीय वीथिका के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों के इतिहास, संस्कृति और योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। इस तरह के प्रयास हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनजातीय संस्कृति का संरक्षण और सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और खुशहाली एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी एवं सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह उपस्थित रहे।

इसके अलावा संभागायुक्त श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्वान, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *