विकास के साथ गौरवशाली विरासत का संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर  । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सहेजना तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जनजातीय वीर नायकों का साहस, संघर्ष और बलिदान भारतीय राष्ट्रीय चेतना एवं गौरवशाली इतिहास का अमूल्य हिस्सा है। इन महानायकों ने देश की आजादी के साथ-साथ अपनी संस्कृति, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

मुख्यमंत्री श्री साय रविवार को बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर वीर जनजातीय नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उनका साहस, स्वाभिमान और बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भी जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूखी जनता की सहायता के लिए संघर्ष किया और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। इसी तरह गुंडाधुर, गेंद सिंह सहित अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन महानायकों की गौरवगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि युवा अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें।

जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को मिल रही राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंड स्तर पर होने वाले आयोजनों के माध्यम से युवाओं को जनजातीय नायकों के जीवन, संघर्ष और योगदान से परिचित कराया जा रहा है।

जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और जीवन मूल्य छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। राज्य सरकार इनका संरक्षण करते हुए जनजातीय परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांव शामिल किए गए हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जनजातीय समाज की पारंपरिक व्यवस्था और संस्कृति को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना पूरे जनजातीय समाज के लिए गर्व का विषय है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलें और वे विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

वनवासी कल्याण आश्रम के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनजातीय समाज के उत्थान में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और हितों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने श्री जोगेश्वर यादव की सेवा भावना की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच श्री यादव ने सेवा एवं समर्पण से जो विश्वास अर्जित किया है, वह अनुकरणीय है।

विश्वविद्यालय की जनहितकारी पहलों को सराहा

मुख्यमंत्री ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से लगभग ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के प्रयास भी सराहनीय हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना और राष्ट्रीय संगोष्ठी के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

केंद्रीय मंत्री और उप मुख्यमंत्री ने भी किया संबोधित

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महान जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका जीवन अन्याय के खिलाफ खड़े होने और अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान का भी स्मरण किया।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन महत्वपूर्ण पहल है। वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे जनजातीय महानायकों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित करती रहेगी।

अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री श्री योगेश बापट ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज की भूमि, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन का डटकर विरोध किया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर श्री मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री श्री योगेश बापट सहित राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित वक्ता, विद्वान, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *