साइबर सुरक्षा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन सोमवार से, डिजिटल सुरक्षा और फोरेंसिक प्रणालियों पर होगा मंथन

नई दिल्ली । देश में साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और डिजिटल दुनिया में बढ़ते खतरों से निपटने की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से राजधानी दिल्ली में सोमवार से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में डिजिटल निगरानी, साइबर सुरक्षा और डिजिटल फोरेंसिक प्रणालियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अंतर्गत राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) द्वारा आयोजित यह तीसरा राष्ट्रीय सम्मेलन है। सम्मेलन की थीम “साइबर सिक्योर इंडिया: फोर्टिफाइंग डिजिटल फ्यूचर ऑफ इंडिया” (साइबर जगत में सुरक्षित भारत) रखी गई है।

मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य वर्तमान डिजिटल परिवेश में साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना और देश की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेषज्ञों से सुझाव प्राप्त करना है।

सम्मेलन के दौरान साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं, डिजिटल निगरानी प्रणाली और डिजिटल फोरेंसिक तकनीकों पर गहन चर्चा होगी। इसके साथ ही साइबर खतरों से निपटने, डिजिटल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और तकनीकी क्षमताओं को विकसित करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

तेजी से बढ़ते डिजिटल उपयोग और ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार के बीच साइबर सुरक्षा देश के लिए महत्वपूर्ण विषय बन गया है। ऐसे में यह राष्ट्रीय सम्मेलन डिजिटल भविष्य को सुरक्षित बनाने, तकनीकी सहयोग बढ़ाने और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं पर चर्चा करने का मंच उपलब्ध कराएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *