NMDC के 69वें स्थापना दिवस पर किरंदुल परियोजना को मिला ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’, बैलाडीला का बढ़ाया गौरव

किरंदुल। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) के 69वें स्थापना दिवस के अवसर पर किरंदुल परियोजना ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हैदराबाद स्थित NMDC मुख्यालय में आयोजित भव्य समारोह में किरंदुल परियोजना को प्रतिष्ठित ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से पूरे बैलाडीला क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

NMDC के 69वें स्थापना दिवस समारोह ‘69th Foundation Day 2026, A Year of Excellence – 2025’ के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार NMDC के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) अमिताभ मुखर्जी के हाथों किरंदुल परियोजना के अधिकारियों ने ग्रहण किया।

CMD अमिताभ मुखर्जी ने किया सम्मानित

किरंदुल परियोजना की ओर से अधिशासी निदेशक (ED) रविंद्र नारायण, उत्पादन महाप्रबंधक जेसी दास एवं मानव संसाधन महाप्रबंधक सुधांशु वर्मा ने CMD अमिताभ मुखर्जी से ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’ प्राप्त किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर किरंदुल परियोजना से जुड़े दोनों प्रमुख श्रम संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। INTUC यूनियन की ओर से अध्यक्ष विनोद कश्यप एवं सचिव ए.के. सिंह ने समारोह में सहभागिता की। वहीं SKMS यूनियन की ओर से अध्यक्ष नोमेश्वर राव एवं सचिव नामदेव मौजूद रहे।

अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों की मेहनत को मिला सम्मान

किरंदुल परियोजना को मिला यह पुरस्कार अधिकारियों, कर्मचारियों और मेहनतकश श्रमिकों के सामूहिक प्रयास, निरंतर परिश्रम, समर्पण और बेहतर टीम भावना का परिणाम माना जा रहा है। परियोजना के बेहतर प्रदर्शन और कार्यक्षमता ने NMDC के राष्ट्रीय स्तर पर गौरव को और बढ़ाया है।

इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि किसी भी संस्थान की सफलता के पीछे उसके प्रत्येक कर्मचारी और श्रमिक का महत्वपूर्ण योगदान होता है।

भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए मिलेगी प्रेरणा

NMDC के 69वें स्थापना दिवस पर मिला यह सम्मान किरंदुल परियोजना के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे परियोजना में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों का उत्साह बढ़ेगा तथा भविष्य में उत्पादन, कार्यक्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के नए कीर्तिमान स्थापित करने की प्रेरणा मिलेगी।

किरंदुल परियोजना की इस उपलब्धि से बैलाडीला क्षेत्र का मान बढ़ा है और पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *