किरंदुल। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार सुबह उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत संपन्न हुआ। सुबह 6:11 बजे सूर्य उदय होते ही व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना की।
किरंदुल स्थित श्री राघव मंदिर परिसर में बनाए गए छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। अंतिम दिन तड़के व्रती महिलाएं पारंपरिक दउरा में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचीं। विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद व्रतियों ने घंटों पानी में खड़े रहकर सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा की।
सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही श्रद्धालुओं ने जल अर्पित कर भगवान भास्कर की आराधना की। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले कठिन व्रत का समापन हुआ। पूजा के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया और हवन में आहुतियां अर्पित कर परिवार तथा समाज की सुख-शांति की कामना की गई।
छठी मैया के गीतों से गूंजा छठ घाट
छठ महापर्व के अंतिम दिन श्री राघव मंदिर परिसर स्थित घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा वातावरण छठी मैया के पारंपरिक गीतों, भक्ति संगीत और मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
छठ पूजा के समापन के साथ ही किरंदुल में चार दिनों तक चले आस्था, तपस्या और भक्ति के इस महापर्व का उल्लासपूर्ण समापन हुआ।