तिल्दा-नेवरा। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर बद्री नारायण बागड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नेवरा में हर्षोल्लास के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, वार्ड पार्षद रानी सौरभ जैन, अमित अग्रवाल, डॉ. लक्ष्मण साहू (विधायक प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग), गणेश शर्मा, दिलहरण निषाद, सागर पंजवानी, खान भाई कुरैशी एवं अनिता सक्सेना ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर उनके जीवन, व्यक्तित्व, विचारों तथा बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम और स्नेह को याद किया गया।
बच्चे देश का भविष्य, उनके सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेंद्र शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं रानी सौरभ जैन ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का मानना था कि बच्चों को उचित शिक्षा, संस्कार और अवसर प्रदान करके ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में बच्चों ने दिखाया उत्साह
बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के मनोरंजन एवं प्रतिभा विकास के लिए विभिन्न खेलकूद और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें रस्साकशी, गोले में बोतल जमाना, चम्मच दौड़, वॉलीबॉल और खो-खो प्रमुख रहे। इसके अलावा भाषण, गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन नीतू वर्मा, मुकेश यदु, खुशबू रामटेके, खिलेश्वरी यदु और नरेंद्र रात्रे के मार्गदर्शन में किया गया। सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मेधावी विद्यार्थियों और प्रतियोगिता विजेताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के समापन अवसर पर त्रैमासिक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं तथा राखी बनाओ प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया तथा उपहार स्वरूप की-रिंग प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का मंच संचालन तुकेन्द्र वर्मा ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।