रायपुर । लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी रायगढ़ के जूटमिल स्थित कयाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने छठ महापर्व के तीसरे दिन आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और व्रती माताओं-बहनों सहित क्षेत्रवासियों को पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छठी मइया और भगवान सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है छठ महापर्व
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोक परंपरा, अटूट आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य उपासना का यह पावन पर्व हमें संयम, अनुशासन, पवित्रता और समर्पण का संदेश देता है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की अनूठी परंपरा प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंध को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान माताएं और बहनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के कल्याण और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ कठिन व्रत रखती हैं। यह पर्व पारिवारिक स्नेह, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।
छठ घाटों पर दिखी आस्था और सामाजिक एकता की झलक
ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था हमारी सांस्कृतिक विरासत की सुंदर अभिव्यक्ति है। छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का एकत्रित होकर सामूहिक रूप से भगवान सूर्यदेव की आराधना करना सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ प्रकृति संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की भी प्रेरणा देती है।
सभी परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना
वित्त मंत्री चौधरी ने सभी व्रती माताओं-बहनों और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रार्थना की कि छठी मइया का आशीर्वाद सभी परिवारों पर सदैव बना रहे। भगवान सूर्यदेव की कृपा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि का संचार हो।
कयाघाट में आयोजित संध्या अर्घ्य के दौरान छठ महापर्व की धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला।